संदिग्ध हालत में सड़क किनारे मिला व्यक्ति का मिला शव, अनहोनी की आशंका
बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के रमवापुर कला गांव में गुरुवार सुबह घायल अवस्था में मिले 35 वर्षीय रामभवन पुत्र रामजग की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पुलिस की पीआरवी टीम ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कप्तानगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने रामभवन को गांव में घायल अवस्था में देखा। इसके बाद नगर थाना पुलिस और डायल 112 को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान रमवापुर कला गांव निवासी रामभवन के रूप में हुई है। उनके परिवार में पत्नी विद्यावती देवी और करीब 14 वर्षीय बेटा रामनिवास है। उनकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। वहीं, मृतक के भाई त्रिभुवन नगर थाने में चौकीदार के पद पर तैनात हैं।
रामभवन की मौत से पत्नी और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं और अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, रामभवन किन परिस्थितियों में घायल हुए और उनकी मौत कैसे हुई, इसका अभी पता नहीं चल सका है।
मामले में थाना प्रभारी ने बताया
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।



0 Comments