Basti News: बस्ती में महिला ने लगाया घर पर चढ़कर धमकी देने का आरोप, FIR दर्ज कराने की लगाई गुहार

 बस्ती में महिला ने लगाया घर पर चढ़कर धमकी देने का आरोप, FIR दर्ज कराने की लगाई गुहार

बस्ती। जिले में एक महिला ने गांव के कुछ लोगों पर लाठी-डंडे लेकर घर पहुंचने, गाली-गलौज करने और बच्चों समेत उसे जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मामले में केस दर्ज कराने की मांग की है।

महिला के मुताबिक, 21 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे रविशंकर, अनिल, झीनू, गोलू, अनीता समेत अन्य लोग लाठी-डंडे लेकर उसके दरवाजे पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए गांव छोड़कर चले जाने की धमकी दी। शोर सुनकर घर पर काम करने वाला पुन्नू पहुंचा तो आरोपितों ने उसे भी धमकाया और दौड़ा लिया। महिला का कहना है कि दोनों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

पीड़िता ने शिकायत पत्र में बताया पूनम, गुड्डा, लक्ष्मण और विकणु दत्त समेत गांव के कई लोग मौजूद थे। सूचना पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा प्रदान की। महिला के अनुसार, उसने पुलिस चौकी महसों और थानाध्यक्ष को लिखित शिकायत दी। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और गवाहों के बयान भी लिए।

पीड़िता ने अधिकारियों से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।

0 Comments