Up News: पिता की संपत्ति के लिए सगे चाचा से संघर्ष कर रही अभिनेत्री प्रतिष्ठा सिंह, मकान के ताले तोड़ने और सामान गायब होने का लगाया आरोप

 पिता की संपत्ति के लिए सगे चाचा से संघर्ष कर रही अभिनेत्री प्रतिष्ठा सिंह, मकान के ताले तोड़ने और सामान गायब होने का लगाया आरोप

फर्रुखाबाद।  स्व. पूर्व ग्राम प्रधान ठाकुर जाहर सिंह की इकलौती बेटी अभिनेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रतिष्ठा सिंह ने अपने सगे चाचा शिव सिंह पुत्र विजय बहादुर सिंह पर संपत्ति विवाद को लेकर परेशान करने, धमकी देने और मकान पर कब्जे की कोशिश करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रतिष्ठा सिंह ने अपनी मां सुधा सिंह के साथ सुरक्षा की मांग करते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।



प्रतिष्ठा सिंह के मुताबिक, उनके पिता ने अपने जीवनकाल में मेहनत की कमाई से कई संपत्तियां खरीदी थीं। पिता के निधन के बाद ये संपत्तियां कानूनी उत्तराधिकार के तहत उनके और उनकी मां के अधिकार में आईं। इसके अलावा पुश्तैनी संपत्ति में भी उनके पिता का आधा हिस्सा था। आरोप है कि पिता के निधन के बाद से ही उनके चाचा द्वारा मां-बेटी को लगातार परेशान किया जा रहा है। धमकियों और असुरक्षा के चलते उन्हें अपना पुश्तैनी मकान छोड़कर दूसरी जगह रहना पड़ा।

मकानों पर लगाए गए दूसरे ताले

शिकायतकर्ता का आरोप है कि लखनऊ में रहने के दौरान उनके मकानों के मूल तालों के ऊपर दूसरे ताले लगा दिए गए। खेतों में उनकी सहमति के बिना पानी लगवाकर गेहूं की बुवाई करा दी गई। वहीं, दुकानों में संचालित कैंटीन भी खाली नहीं कराई जा रही है।


19 नवंबर की घटना से फिर गरमाया विवाद

प्रतिष्ठा सिंह के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को वह अपने घर पहुंचीं और सोशल मीडिया पर लाइव आकर मकान का ताला खोला। उन्होंने अपने ताले के ऊपर लगाए गए दूसरे ताले को हटाकर मौके की स्थिति दिखाई। उनका आरोप है कि वहां से लौटने के बाद लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पहुंचते ही शिव सिंह द्वारा उनके मकान के बाहरी और अंदरूनी कमरों के ताले तोड़ दिए गए। कमरों में रखे नकदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान के गायब होने की आशंका जताते हुए उन्होंने निष्पक्ष जांच और सामान की बरामदगी की मांग की है।

प्रतिष्ठा सिंह ने सवाल उठाया कि क्या किसी संपत्ति को बंद करके कुछ समय के लिए बाहर रहने पर कोई दूसरा व्यक्ति उस पर कब्जा कर सकता है? उनका कहना है कि दीवानी मुकदमा लंबित होने के बावजूद बिना किसी सक्षम न्यायालय के आदेश के मकान के ताले तोड़ने या सामान ले जाने का अधिकार किसी को नहीं मिल जाता।

प्रशासन से पांच सूत्रीय मांग

प्रतिष्ठा सिंह ने प्रशासन और सरकार से शिकायत की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई, मकान के टूटे तालों और गायब सामान की जांच एवं बरामदगी, संपत्तियों और पुश्तैनी हिस्से पर कथित कब्जे की जांच, खेतों और दुकानों के विवाद का समाधान तथा उन्हें और उनकी मां सुधा सिंह को सुरक्षा देने की मांग की है।

उन्होंने बताया कि वह फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत से भी मुलाकात कर अपनी समस्या रख चुकी हैं। सांसद की ओर से मिले समर्थन के लिए उन्होंने आभार जताया।

अंत में प्रतिष्ठा सिंह ने पत्रकारों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से उनकी आवाज उठाने की अपील की। उनका कहना है कि वह किसी दूसरे की संपत्ति पर दावा नहीं कर रही हैं, बल्कि अपने पिता की मेहनत से अर्जित संपत्ति, कानूनी अधिकार और अपनी मां के साथ सुरक्षित जीवन की मांग कर रही हैं।

0 Comments