नन्हे वैज्ञानिकों के हुनर ने बिखेरी चमक, बाल मेले में दिखी प्रतिभा और रचनात्मकता की झलक
पूर्व विधायक जय चौबे ने किया बाल मेले एवं विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ, बच्चों के आकर्षक मॉडल और खानपान के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
बस्ती। राजन इंटरनेशनल एकेडमी में बाल दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य बाल मेले एवं विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों की प्रतिभा, हुनर और कल्पनाशीलता का ऐसा संगम देखने को मिला कि हर कोई उनकी रचनात्मकता का कायल हो गया। किसी ने विज्ञान के अनूठे मॉडल से भविष्य की तकनीक की झलक दिखाई तो किसी ने आकर्षक स्टॉल लगाकर अपनी व्यावसायिक समझ और प्रबंधन क्षमता का परिचय दिया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल छाया रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे एवं विशिष्ट अतिथि विद्यालय की प्रबंध निदेशिका शिखा चतुर्वेदी ने दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद अतिथियों ने विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया और बच्चों से उनके मॉडल की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। नन्हे विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और आत्मविश्वास देखकर अतिथियों ने जमकर सराहना की।
विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता को मॉडल के रूप में उतारकर विज्ञान के प्रति अपनी रुचि और समझ का परिचय दिया। वहीं बाल मेले में बच्चों द्वारा लगाए गए खानपान एवं विभिन्न उत्पादों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। स्वादिष्ट व्यंजनों से लेकर रचनात्मक गतिविधियों तक हर स्टॉल पर बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
यह आयोजन महज मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यवहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर भी मिला। स्टॉल के संचालन के जरिए विद्यार्थियों ने आत्मनिर्भरता, आर्थिक प्रबंधन, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता जैसे महत्वपूर्ण गुणों को भी सीखा।
इस अवसर पर असिस्टेंट डायरेक्टर संजीव कुमार पांडेय, प्रधानाचार्य सानू एंटोनी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम ने साबित किया कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, जरूरत होती है तो बस उसे सही मंच और प्रोत्साहन देने की। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने बाल दिवस के इस आयोजन को यादगार बना दिया।


0 Comments