Basti News: पैड़ा वाले बाबा के संकल्प को मिलेगी नई उड़ान, पैड़ा धाम में 6 दिसंबर से नौ दिवसीय संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा

 पैड़ा वाले बाबा के संकल्प को मिलेगी नई उड़ान, पैड़ा धाम में 6 दिसंबर से नौ दिवसीय संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा, सुंदर दास जी महाराज करेंगे निःशुल्क कथा वाचन

बस्ती। पैड़ा धाम में सनातन धर्म और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के उद्देश्य से नौ दिवसीय संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन प्रसिद्ध कथा व्यास सुंदर दास जी महाराज द्वारा किया जाएगा। आयोजन की शुरुआत 5 दिसंबर 2026 को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी, जबकि 6 दिसंबर से श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा।



प्रेसवार्ता के दौरान सुंदर दास जी महाराज ने आयोजन की पृष्ठभूमि साझा करते हुए बताया कि पैड़ा वाले बाबा ने पैड़ा धाम में पूज्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज की कथा कराने का संकल्प लिया था। इसी संकल्प को साकार करने की भावना से उन्होंने 36 दिनों तक पदयात्रा कर बागेश्वर धाम सरकार के दर्शन किए और कथा आयोजन के लिए प्रयास शुरू किए।

सुंदर दास जी महाराज ने कहा कि बागेश्वर धाम सरकार की कथा का आयोजन कोई सामान्य आयोजन नहीं है। इसके लिए बड़े स्तर पर आर्थिक संसाधनों और व्यापक जनसहयोग की आवश्यकता होती है। इसी क्रम में पैड़ा वाले बाबा ने जनसहयोग की मुहिम शुरू की और शहर के विभिन्न स्थानों पर बैठकर श्रद्धालुओं से स्वेच्छा से सहयोग देने की अपील की। हालांकि, अपेक्षित सहयोग और परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें लगा कि इस तरह कथा का आयोजन संभव नहीं हो पाएगा। इससे वे काफी निराश हुए और हताशा में स्वयं को क्षति पहुंचाने का प्रयास भी किया, जो किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है।

उन्होंने बताया कि इन्हीं परिस्थितियों के बीच उन्होंने पैड़ा वाले बाबा के संकल्प को मजबूती देने और उन्हें मानसिक संबल प्रदान करने का संकल्प लिया। इसी के तहत पैड़ा धाम में नौ दिवसीय संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन बिना किसी दक्षिणा के करने का निर्णय लिया गया है।

सुंदर दास जी महाराज ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि सनातन धर्मावलंबियों का कल्याण, धर्म और अध्यात्म का प्रचार-प्रसार तथा पैड़ा वाले बाबा के संकल्प को नई मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा में सम्मिलित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की।

0 Comments