बस्ती में 20 करोड़ से अधिक की लागत से बनी प्रयोगशाला में शुरू हुई नमूनों की जांच, तीन जिलों को मिलेगा लाभ
अरुण कुमार
बस्ती। बस्ती मंडल के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कराने के लिए दूसरे जिलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत 20 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्थापित क्षेत्रीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला में शनिवार से नमूनों की जांच शुरू हो गई है। इससे बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर जिले के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
प्रयोगशाला में धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ के बाद सहायक आयुक्त (खाद्य), बस्ती मंडल ने फीता काटकर जांच कार्य का शुभारंभ किया। इसके साथ ही क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो गई है।
फिलहाल तीनों जिलों से आने वाले खाद्य पदार्थों और औषधियों के नमूनों की जांच की जाएगी। अब तक खाद्य पदार्थों के 26 और औषधियों के 12 नमूने जांच के लिए प्राप्त हो चुके हैं। शुरुआती चरण में विभिन्न खाद्यान्न, दूध और दुग्ध उत्पादों के नमूनों की जांच शुरू की गई है। जल्द ही अन्य खाद्य उत्पादों की जांच भी शुरू होगी।
इस प्रयोगशाला के शुरू होने से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी मजबूत होगी और संबंधित विभाग को मिलावट सहित गुणवत्ता संबंधी मामलों में कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।


0 Comments