Basti News: श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर जोर, अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर जोर, अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश

बस्ती। दुर्गा पूजा मेला और मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने शनिवार को कंपनी बाग से गांधी नगर तक पैदल भ्रमण कर मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद वह अमहट घाट पहुंचीं और मूर्ति विसर्जन की तैयारियों का निरीक्षण किया।



पैदल भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए।

इसके बाद अमहट घाट पर निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा इंतजामों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान निर्धारित मानकों का पालन कराया जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित रखी जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा मेला और मूर्ति विसर्जन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करें।

निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

0 Comments