Basti News: दुर्गा पूजा और मेले को लेकर बस्ती में अलर्ट, डीएम-एसपी ने संभाली सुरक्षा की कमान; शहर में किया पैदल गश्त

दुर्गा पूजा और मेले को लेकर बस्ती में अलर्ट, डीएम-एसपी ने संभाली सुरक्षा की कमान; शहर में किया पैदल गश्त

मुख्य बाजारों, चौराहों और मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अराजकता फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

बस्ती। दुर्गा पूजा और मेले के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में मंगलवार, 20 अक्टूबर को जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं भारी पुलिस बल के साथ शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, चौराहों, मंदिरों के आसपास के क्षेत्रों, व्यस्त मार्गों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और त्योहार के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।



पैदल गश्त में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया, क्षेत्राधिकारी यातायात कुलदीप सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस बल ने शहर के प्रमुख इलाकों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस पहल का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की तत्परता सुनिश्चित करना रहा।


यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा और मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रखने, प्रमुख चौराहों पर निगरानी बढ़ाने और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न होने देने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से त्योहार को आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा और मेले के दौरान सभी लोग प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

पुलिस-प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। आमजन की सुरक्षा, शांति व्यवस्था और सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहेगा, ताकि लोग निर्भीक होकर धार्मिक आयोजनों और मेले का आनंद ले सकें।

0 Comments