Basti News: बस्ती में टावरों से बैटरी चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 8 लिथियम बैटरी और बाइक बरामद

 बस्ती में टावरों से बैटरी चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 8 लिथियम बैटरी और बाइक बरामद

पुरानी बस्ती पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई; गोंडा में भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने का आरोप

बस्ती। जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुरानी बस्ती पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की आठ लिथियम बैटरी, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।



पुलिस के मुताबिक, मंगलवार, 3 नवंबर की भोर में चैनपुरवा ओवरब्रिज की सर्विस लेन पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान लवकुश सिंह निवासी गोंडा और सुनील कुमार यादव निवासी सोनहा, बस्ती को पकड़ा गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई सात अन्य बैटरियां भी बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर गोंडा जिले के उमरीबेगमगंज क्षेत्र के अल्लीपुर बनुआ में मोबाइल टावर से आठ और परसपुर क्षेत्र के मलाव गांव में छह लिथियम बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की है। बरामद आठ बैटरियां उनके हिस्से की बताई गई हैं। अन्य तीन आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इस मामले में पुरानी बस्ती थाने में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। संयुक्त कार्रवाई में पुरानी बस्ती पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।

0 Comments