Basti News: भाई दूज पर मनीष मिश्रा के समर्थन में हजारों महिलाओं ने निकाली पदयात्रा, बंदना सिंह के नेतृत्व में उमड़ा मातृशक्ति का जनसैलाब

 भाई दूज पर मनीष मिश्रा के समर्थन में हजारों महिलाओं ने निकाली पदयात्रा, बंदना सिंह के नेतृत्व में उमड़ा मातृशक्ति का जनसैलाब

बस्ती। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के प्रतीक भाई दूज के पावन पर्व पर भाजपा नेता मनीष मिश्रा के समर्थन में हजारों की संख्या में महिलाओं ने पदयात्रा निकालकर अपना समर्थन जताया। बंदना सिंह के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्ग महिलाओं तक ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पदयात्रा शास्त्री चौक से शुरू होकर कंपनीबाग, गांधीनगर होते हुए जीआईसी तक पहुंची। इस दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

पदयात्रा का नेतृत्व कर रहीं बंदना सिंह ने कहा कि भाई दूज के पावन पर्व पर हम बहनों ने अपने भाई मनीष मिश्रा के समर्थन में यह पदयात्रा निकाली है। उन्होंने कहा कि मनीष भैया ने बिना किसी राजनीतिक पद पर रहते हुए बहुत कम समय में बस्ती के विकास के लिए जो कार्य किए हैं, वह सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि जितना काम मनीष मिश्रा ने किया है, उतना आज तक न तो सत्ता पक्ष कर पाया और न ही विपक्ष। सोशल मीडिया पर उनके विरोध में लिखने वालों को मैं सिर्फ इतना कहना चाहती हूं कि यह तो अभी ट्रेलर है, पूरी पिक्चर अभी बाकी है।

इस अवसर पर डॉ. शालिनी सिंह राजपूत ने कहा कि आज मनीष भैया के समर्थन में जो मातृशक्ति सड़कों पर उतरी है, वे सभी घरेलू महिलाएं हैं, कोई प्रोफेशनल भीड़ नहीं है। हम सभी दिल से मनीष मिश्रा के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि मनीष मिश्रा ने अब तक हम लोगों के लिए जो किया है, अब हमारी बारी है कि हम भी उनके साथ मजबूती से खड़े हों। उन्होंने विश्वास जताया कि मनीष मिश्रा को निश्चित रूप से चुनाव जीतकर आना चाहिए और इसके लिए सभी महिलाओं को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

पदयात्रा में शामिल महिलाओं का उत्साह पूरे मार्ग में चर्चा का विषय बना रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्ग महिलाओं की भागीदारी ने इस आयोजन को खास बना दिया। समर्थकों ने इसे मनीष मिश्रा के प्रति अपने विश्वास, जुड़ाव और समर्थन की अभिव्यक्ति बताया।

भाई दूज के अवसर पर निकली इस पदयात्रा के माध्यम से महिलाओं ने एकजुटता का संदेश देते हुए यह जताने का प्रयास किया कि मनीष मिश्रा के साथ जुड़ाव केवल औपचारिक नहीं, बल्कि भावनात्मक और व्यक्तिगत विश्वास पर आधारित है।

0 Comments