विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विकास भवन में कार्यक्रम, शहीदों और विस्थापित परिवारों को किया गया नमन
बस्ती। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विकास भवन में गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने की। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संभ्रांत नागरिकों ने भारत विभाजन के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले लोगों तथा विस्थापन की पीड़ा झेलने वाले परिवारों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
कार्यक्रम में भारत विभाजन की त्रासदी, व्यापक विस्थापन और उस दौर में लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा एवं संघर्ष पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई। उपस्थित लोगों ने गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ डॉक्यूमेंट्री देखी और प्रभावित परिवारों के प्रति श्रद्धा एवं संवेदना व्यक्त की।
मुख्य अतिथि महेश शुक्ला ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस इतिहास के उस पीड़ादायक अध्याय को याद करने का अवसर है, जब बड़ी संख्या में लोगों को घर, परिवार, संपत्ति और मातृभूमि छोड़कर विस्थापन का दंश झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि इतिहास को याद करने का उद्देश्य केवल अतीत की पीड़ा को स्मरण करना नहीं, बल्कि उससे सीख लेकर वर्तमान और भविष्य को बेहतर बनाना है। समाज में भाईचारे, प्रेम, सद्भाव, सहिष्णुता और एकता की भावना को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में लोगों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराने की अपील की गई। उपस्थित नागरिकों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता तथा सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सरदार जगवीर सिंह, प्रभुप्रीत सिंह, ज्ञानी प्रदीप सिंह, नरेश सडाना, सरदार कुलदीप, श्रीमती सविता, राजेन्द्र सिंह और तेजपाल सिंह सहित अन्य लोगों ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का समापन दो मिनट का मौन रखकर तथा कैंडल मार्च निकालकर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, जिला पंचायतराज अधिकारी घनश्याम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी विकास नारायण सहित संबंधित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। संचालन शिक्षिका मानवी सिंह ने किया।


