बस्ती में भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
बस्ती, 13 अगस्त 2026। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत गुरुवार को बस्ती में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। ‘वंदे भारत’ की भावना को समर्पित यात्रा का शुभारंभ राजकीय इंटर कॉलेज से हुआ। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने यात्रा की अध्यक्षता की। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों और नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा शुरू की। राजकीय इंटर कॉलेज से निकली यात्रा गांधी नगर होते हुए कंपनी बाग पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। मार्ग में नागरिकों ने तिरंगा यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया।
इस दौरान पूरा शहर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और देशभक्ति का संदेश दिया गया।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जनपदवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।
यात्रा में सीडीओ सार्थक अग्रवाल, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

