कांवड़ यात्रा के बीच बस्ती में बड़ी कार्रवाई: भाजपा के नामित सभासद को गांजा तस्करी में पुलिस ने दबोचा, 10 किलो गांजा बरामद
बस्ती। कांवड़ यात्रा के बीच हरैया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो गांजे के साथ शनि कुमार उर्फ रवि को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी हरैया कस्बे के वार्ड नंबर-06 हनुमानगढ़ी का निवासी है।
पुलिस का दावा है कि आरोपी महाकाल रेस्टोरेंट में गांजा बिक्री के लिए रखे हुए था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 9 अगस्त की भोर करीब 3:30 बजे छापेमारी कर पांच-पांच किलो के दो पैकेट में कुल 10 किलो गांजा और 1,200 रुपये नकद बरामद किए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मुनाफा कमाने के लिए वह गांजा लाकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर कांवड़ियों और राहगीरों को बेचता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
आरोपी के खिलाफ थाना हरैया में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

