कांवड़ियों की सेवा में खाकी का मानवीय चेहरा, कप्तानगंज पुलिस ने परोसा भोजन
बस्ती। पवित्र श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए बस्ती पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सेवाभाव में भी जुटी है। रविवार को कप्तानगंज थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ कांवड़ मार्ग पर पहुंचकर शिवभक्त कांवड़ियों का हाल-चाल जाना और उनकी कुशल-क्षेम पूछी।
पुलिस टीम ने शिविर में ठहरे कांवड़ियों को आत्मीयता के साथ अपने हाथों से भोजन एवं प्रसाद परोसा। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी यात्रा से जुड़ी जानकारी ली और रास्ते में सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का भरोसा दिलाया।
थाना प्रभारी ने कांवड़ियों की सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना की। पुलिस के इस सेवाभाव से श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिला।
बस्ती पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुगम बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सेवा के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

