आधी रात बाबा भदेश्वरनाथ के दरबार पहुंचे डीएम-एसपी, कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा
हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर, अधिकारियों ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
बस्ती। सावन के सोमवार की आधी रात बाबा भदेश्वरनाथ के दरबार में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। रात करीब 12 बजे जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह भदेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे। डीएम-एसपी ने मंदिर पहुंचते ही कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। अचानक प्रशासन के आला अधिकारियों को अपने बीच पाकर शिवभक्तों का उत्साह और बढ़ गया।
मंदिर परिसर में चारों ओर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष गूंजते रहे। रातभर बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे कांवड़ियों पर अधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया।
डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, सुगम आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मौके पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। एसपी ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी राजेश यादव समेत ड्यूटी में लगे अधिकारी मौजूद रहे।

