तीन दिन से अंधेरे में कौड़ीकोल बुजुर्ग, ट्रांसफार्मर जलने के बाद भी नहीं चेता विभाग
बस्ती। कप्तानगंज क्षेत्र के ग्राम कौड़ीकोल बुजुर्ग में बिजली विभाग की लापरवाही ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। 11 अगस्त की रात ट्रांसफार्मर जलने के बाद से गांव की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है। तीन दिन बीत जाने के बावजूद विभाग ने न तो ट्रांसफार्मर बदला और न ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी, ऐसे में मोबाइल चार्ज करने के लिए भी लोगों को गांव से बाहर जाना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी में बिजली गुल होने से गांव के सैकड़ों ग्रामीण बेहाल हैं। घरों में पंखे-कूलर बंद पड़े हैं और रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों को कई बार सूचना देने के बावजूद समस्या के समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई।
ग्रामीण त्रिवेणी चौधरी, मुकेश चौधरी, अमरेश और शिवनारायण ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल ट्रांसफार्मर बदलवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें मजबूर होकर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ उच्चाधिकारियों से शिकायत करनी पड़ेगी।
तीन दिन से बिजली गुल, शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं—आखिर ग्रामीणों की परेशानी पर कब जागेगा बिजली विभाग?


