हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत चिकित्सा महाविद्यालय में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
बस्ती। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत महर्षि वशिष्ठ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, बस्ती में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना था।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ प्रशासनिक भवन से हुआ, जिसका नेतृत्व महाविद्यालय के प्रधानाचार्य ने किया। नामित नोडल अधिकारी डॉ. आनंद बिहारी एवं डॉ. नंदिनी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित इस यात्रा में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्सा अधीक्षक, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नर्सिंग कॉलेज की प्रधानाचार्या, उप-प्रधानाचार्या तथा अन्य स्टाफ सदस्यों की सहभागिता से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।
हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। समापन अवसर पर प्रधानाचार्य ने “राष्ट्र प्रथम—सदैव सर्वोपरि” का संदेश देते हुए सभी से राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।


