400 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली भव्य यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा कप्तानगंज
बस्ती। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को कप्तानगंज कस्बा देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। MCC इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने करीब 400 फीट लंबे तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकालकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। विशाल तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा कस्बा गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ नगर पंचायत कप्तानगंज के नकटीदेई से हुआ। बड़ी संख्या में विद्यार्थी हाथों में छोटे-छोटे तिरंगे लेकर अनुशासित कतार में शामिल हुए। वहीं विद्यार्थियों का एक समूह करीब 400 फीट लंबे विशाल तिरंगे को थामे आगे बढ़ रहा था। सड़क पर लहराता तिरंगा लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। मार्ग में स्थानीय लोगों ने रुककर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
यात्रा में भारत माता की वेशभूषा में सजी छात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वह सबसे आगे चल रही थी, जिसके पीछे विद्यार्थी विशाल तिरंगे के साथ आगे बढ़ रहे थे। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करते हैं। मुख्य अतिथि कप्तानगंज विधायक कविंद्र चौधरी (अतुल) ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है।
यात्रा नकटीदेई से विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए तिरंगा चौराहे पर पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।


