भानपुर में उमड़ा जनसैलाब, उकड़ा से सोनहा बाजार तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा
भानपुर, बस्ती। राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने के लिए भानपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा नेता नितेश शर्मा एवं लक्ष्मीकांत पांडेय ‘पप्पू’ के संयुक्त संयोजन में आयोजित यात्रा उकड़ा हनुमान मंदिर से शुरू होकर भानपुर कस्बे से होते हुए सोनहा बाजार पहुंची।
बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर निकली यात्रा में हाथों में तिरंगा थामे युवाओं और स्थानीय लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारे लगाए। जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया।
आयोजकों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य अमर शहीदों के बलिदान को याद करना तथा देश की एकता और अखंडता के प्रति संकल्प मजबूत करना है।
सोनहा बाजार स्थित लोक निर्माण विभाग के डाकबंगले पर यात्रा का समापन हुआ। यहां आयोजित सभा में लक्ष्मीकांत पांडेय, नितेश शर्मा, सत्येंद्र शुक्ल जिप्पी, चंद्रभान गुप्ता, राकेश शर्मा, सुजीत सोनी, विजय तिवारी, राकेश उपाध्याय, रामनेवास गिरी, ओमप्रकाश शुक्ल, उमाकांत शुक्ल, मनोज पांडेय, प्रधान संघ अध्यक्ष सोनू मिश्र, इंद्रसेन उपाध्याय, सत्यप्रकाश मिश्र, अन्नू उपाध्याय, मिंडर भट्ट सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की आन, शान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ ली।


