बजाज हिन्दुस्थान शुगर रुधौली में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
रुधौली, बस्ती। बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड, इकाई रुधौली के प्रांगण में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समारोह में कारखाने के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इकाई प्रमुख शुगर डॉ. जय प्रकाश त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों एवं महापुरुषों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की प्रगति में किसानों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने गन्ना किसानों एवं कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में इकाई समय से गन्ना भुगतान करने के साथ ही मंडल में सर्वाधिक गन्ना पेराई करने वाली इकाई बनने का लक्ष्य हासिल करेगी।
इस अवसर पर कर्मचारियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वालों को प्रशस्तिपत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मानव संसाधन प्रमुख एन.के. शुक्ल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके बाद पुरस्कार वितरण एवं मिष्ठान वितरण किया गया।
इस दौरान जोनल प्रमुख मानव संसाधन नरेंद्र कुमार शुक्ल, गन्ना प्रमुख लवकुश सिंह, सेल्स प्रमुख गोपाल कृष्ण शुक्ल, आसवनी उत्पादन प्रमुख मनीष झा सहित शुगर एवं आसवनी इकाई के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


