इकाई प्रमुख ने गन्ना प्लाटों व बाढ़ क्षेत्र का किया निरीक्षण
बस्ती। बजाज चीनी मिल रुधौली के इकाई प्रमुख डॉ. जेपी त्रिपाठी ने बुधवार को बस्ती परिक्षेत्र के शंभूपुर, करहली बहादुरपुर, गौसपुर और माझा खुर्द स्थित गन्ना प्लाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. त्रिपाठी ने अगेती गन्ना प्रजातियों 0118, 14201, 13235 और 16202 के प्लाटों का निरीक्षण कर किसानों को गन्ने की बंधाई और शरदकालीन गन्ना बुवाई के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अधिक क्षेत्रफल में शरदकालीन गन्ना लगाने की सलाह देते हुए कहा कि इससे फसल गिरने की समस्या कम होती है, सिंचाई लागत घटती है और जंगली जानवरों से नुकसान की आशंका भी कम रहती है।
उन्होंने किसानों को ट्रेंच विधि से गन्ना बुवाई के साथ सहफसली खेती करने की सलाह दी। धनिया, बैंगन, टमाटर, लहसुन, आलू, बाकला, राजमा, सोवा, मेथी और गोभी जैसी फसलों से अतिरिक्त आय अर्जित की जा सकती है।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने किसानों को चीनी मिल की लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने अगेती प्रजाति के बीज के लिए फील्ड सुपरवाइजर से संपर्क कर अग्रिम बुकिंग कराने की अपील की। साथ ही लॉक सट्टा और कम खतौनी वाले किसान गन्ना विकास समिति पहुंचकर अभिलेखों की जांच कराकर सट्टा खुलवाने की सलाह दी।
बाढ़ क्षेत्र की निगरानी के लिए चीनी मिल ने विशेष टीम गठित की है, जो प्रतिदिन स्थिति की रिपोर्ट मिल प्रबंधन को देगी। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय अधिकारी प्रवीण सिंह, रंजीत सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।
