बारिश में भी नहीं थमा उत्साह, क्रेन से पहनाई एक कुंतल की माला; जय श्रीराम के नारों से गूंजा गांधीनगर
बस्ती। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के गांधीनगर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार और ऐतिहासिक स्वागत किया। लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, महिलाएं और युवा कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे। स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व कुँवर कामेश्वर सिंह छोटे राजा, राघवेंद्र प्रताप सिंह दादा और देवांग सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने किया।
स्वागत के दौरान क्रेन की मदद से हरीश द्विवेदी को करीब एक कुंतल वजनी विशाल माला पहनाई गई। वहीं बुलडोजर पर सवार कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और जय श्रीराम के गगनभेदी नारों से पूरा गांधीनगर उत्साह से भर उठा।
आयोजक राघवेंद्र प्रताप सिंह दादा ने कहा कि बारिश के बावजूद उमड़ी भीड़ हरीश द्विवेदी की लोकप्रियता और कार्यकर्ताओं से उनके जुड़ाव का प्रमाण है। पूर्व प्रदेश मंत्री एबीवीपी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हरीश द्विवेदी जमीन से जुड़े नेता हैं और कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते हैं। राष्ट्रीय महामंत्री बनने से बस्ती और पूर्वांचल के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है।
स्वागत के बाद हरीश द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं और बस्ती की जनता का आभार जताया। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सभासद परमेश्वर शुक्ला, पूर्व सभासद पप्पू शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष बालकृष्ण त्रिपाठी, देवांग सिंह, मोहम्मद इद्रीस समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
