नहर में रिसाव से बढ़ा जलभराव, सैकड़ों बीघा धान-गन्ने और सब्जियों की फसल डूबने का खतरा
बस्ती। विकास खंड कप्तानगंज के बढ़नी गांव में ब्रह्मचारी और यादव पुरवा के बीच नहर में रिसाव से आसपास के क्षेत्र में जलभराव लगातार बढ़ता जा रहा है। नहर का पानी खेतों में फैलने से सैकड़ों बीघा धान, गन्ना और सब्जियों की फसल प्रभावित होने का खतरा मंडरा रहा है। पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार नहर में रिसाव लगातार जारी है और पानी खेतों से होते हुए आबादी की ओर बढ़ रहा है। इससे कई घरों के भी पानी से घिरने की आशंका है। जलभराव के कारण रास्तों पर आवागमन प्रभावित होने लगा है और ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नहर की सफाई और रखरखाव के नाम पर जिम्मेदार विभाग द्वारा लापरवाही बरती गई। समय रहते नहर की स्थिति दुरुस्त नहीं किए जाने का खामियाजा अब किसानों और ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
राम तीरथ चौधरी, संत राम, खरभान, बुद्धिमान और शशिधर समेत ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर रिसाव बंद कराने और खेतों से पानी की निकासी कराने की मांग की है।
