रक्षा सूत्र में सजा भाई-बहन का अटूट प्रेम, राज चिल्ड्रन एकेडमी में धूमधाम से मना रक्षाबंधन
बस्ती। कप्तानगंज बाजार के टिनिच रोड स्थित राज चिल्ड्रन एकेडमी में गुरुवार को रक्षाबंधन का पर्व उत्साह, उमंग और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने बच्चों को रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की खूबसूरती को जीवंत किया। छात्राओं के बीच रक्षाबंधन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय के प्रबंधक राकेश दुबे ने छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षा सूत्र केवल एक धागा नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व बच्चों को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के साथ-साथ आपसी भाईचारे की भावना को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने एक-दूसरे को राखियां बांधीं और रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं। शिक्षकों ने पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को रिश्तों का सम्मान करने और समाज में प्रेम-सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
रक्षाबंधन के आयोजन से पूरा विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। विद्यालय परिवार ने सभी छात्र-छात्राओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

