झुग्गी-झोपड़ियों में पहुंची रक्षाबंधन की खुशियां, मन्नत फाउंडेशन ने बांटी राखी और मिठाइयां
बस्ती। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मन्नत फाउंडेशन ने जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. हेमंत पाण्डेय के नेतृत्व में कटरा, स्टेशन रोड, कटेश्वर पार्क के निकट सहित विभिन्न स्थानों पर झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों की महिलाओं और बच्चों को राखी व मिठाइयां वितरित की गईं। सामग्री पाकर महिलाओं और बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
इस अवसर पर डॉ. हेमंत पाण्डेय ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी परिवार रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व की खुशियों से वंचित न रहे, यही मन्नत फाउंडेशन का प्रयास है। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशी समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए। जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि फाउंडेशन की ओर से समय-समय पर जरूरतमंद लोगों की आवश्यकताओं के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाती है और भविष्य में भी वंचित वर्ग की सेवा का सिलसिला जारी रहेगा।
रक्षाबंधन कार्यक्रम में संजय पाण्डेय, सोनू पाठक, रितिक कुमार, धर्मेन्द्र पाण्डेय, अरुण कुमार सहित फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
