आरक्षण को जाति नहीं, आर्थिक आधार पर देने की मांग, युवाओं ने शास्त्री चौक पर जताया विरोध
बस्ती। यूजीसी और आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सवर्ण युवाओं ने शास्त्री चौक पर विरोध जताया। छात्रसंघ अध्यक्ष प्रत्याशी एपीएन पीजी कॉलेज बस्ती के हिमेश त्रिपाठी के नेतृत्व में युवाओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर सरकार से मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि आरक्षण का आधार जाति के बजाय आर्थिक स्थिति को बनाया जाना चाहिए, ताकि सभी वर्गों के गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके। युवाओं का कहना है कि आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को लगातार आरक्षण का लाभ मिलने से वास्तविक जरूरतमंदों के हित प्रभावित होते हैं।
इस दौरान तुलसी तिवारी ने आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा कर इसे आर्थिक आधार पर लागू करने की मांग की। साथ ही यूजीसी से जुड़े प्रावधानों पर पुनर्विचार कर छात्रों के हित में निर्णय लेने की अपील की। युवाओं ने कहा कि उनका आंदोलन देशभर में अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे आंदोलनकारियों के समर्थन में है। प्रदर्शन के दौरान सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की गई। इस दौरान बृजेश तिवारी, दिनेश तिवारी, अजय, पिंकू, जय, भावेश, प्रमोद कुमार और आशीष सिंह आदि रहे।
