राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के प्रथम बस्ती आगमन की तैयारियां पूरी, भव्य स्वागत को उमड़ेगा भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम
बस्ती, 31 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद प्रथम बस्ती आगमन को लेकर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनके भव्य स्वागत और अभिनंदन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में खासा उत्साह है।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने बताया कि हरीश द्विवेदी का बस्ती सीमा घघौवा से दोपहर 12 बजे प्रवेश होगा। इसके बाद उनका काफिला विक्रमजोत, छावनी, हर्रैया, कप्तानगंज, गोटवा, फुटहिया, बड़ेवन, कंपनी बाग, गांधीनगर, रोडवेज, दक्षिण दरवाजा और होटल बालाजी प्रकाश होते हुए सुयेश होटल के सभागार पहुंचेगा। यहां उनके सम्मान में भव्य आभार एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए जिला पदाधिकारियों से लेकर मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जगह-जगह स्वागत की तैयारियां की गई हैं।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अमृत कुमार वर्मा, प्रेम प्रकाश चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी अजय पाल सिंह, नीरज त्रिपाठी, हनुमान प्रसाद भोलू, अश्विनी श्रीवास्तव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
