कर्मा देवी संस्थान के पास गूंजा ‘जय श्रीराम’, इंजीनियर अरविंद पाल के नेतृत्व में हरीश द्विवेदी का ऐतिहासिक स्वागत
बस्ती। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के बस्ती आगमन पर सोमवार को कर्मा देवी शैक्षणिक संस्थान के गेट के समीप कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता इंजीनियर अरविंद पाल के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और गदा भेंट कर हरीश द्विवेदी का अभिनंदन किया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए स्वागत समारोह में ‘जय श्रीराम’, ‘भारत माता की जय’ और भाजपा के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में समर्थक अपने नेता के साथ फोटो और सेल्फी लेते नजर आए।
हरीश द्विवेदी ने आत्मीय स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि बस्ती की धरती पर अपनों के बीच मिला स्नेह उनके लिए गौरव और भावुकता का क्षण है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाएंगे तथा संगठन को मजबूत बनाने के साथ जनसेवा को प्राथमिकता देंगे।
इंजीनियर अरविंद पाल ने कहा कि हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिलना पूरे बस्ती के लिए गौरव की बात है। उनके मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
