सिपाही ने बार के संयुक्त सचिव को जड़ा थप्पड़
मथुराः अतिरिक्त परिवार न्यायालय में लंबित एक मुकदमे में गुरुवार को पक्षकार द्वारा न्याय पालिका की गरिमा के विरुद्ध शब्दावली प्रयोग किए जाने को लेकर अधिवक्ताओं में विवाद हो गया। विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) के जवान पक्षकार को पकड़कर सिविल लाइंस चौकी ले आई। आक्रोशित अधिवक्ता भी चौकी पहुंच गए।
तकरार में जवान ने बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद मामला बिगड़ गया। अधिवक्ताओं ने चौकी का घेराव कर जाम लगा दिया। तीन घंटे तक चले हंगामा के बाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव और एसपी सिटी ने मामले को संभाला। संयुक्त सचिव ने एसएसएफ जवान के खिलाफ सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अतिरिक्त परिवार न्यायालय में लंबित एक मुकदमे में पक्षकार अभिषेक अग्रवाल ने दोपहर एक बजे न्यायपालिका की गरिमा के विरुद्ध शब्दावली प्रयोग कर दिया। इसको लेकर अधिवक्ताओं से कहासुनी और विवाद हो गया। अभिषेक अग्रवाल ने अधिवक्ताओं के साथ मारपीट व गाली-गलौज कर दी। न्यायालय की सुरक्षा में लगे विशेष सुरक्षा बल के जवान उसे सिविल लाइंस पुलिस चौकी ले आए।
आक्रोशित अधिवक्ता भी पुलिस चौकी पर पहुंच गए। धक्का-मुक्की और तकरार के बीच एसएसएफ जवान कृष्ण कुमार ने बार के संयुक्त सचिव संदीप कुमार शर्मा को थप्पड़ मार दिया। अधिवक्ता की पिटाई की सूचना पर सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ताओं ने सिविल लाइंस पुलिस चौकी घेराव कर दिया। कचहरी रोड पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे की सूचना पर कोतवाली, गोविंद नगर, सदर, हाईवे थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। करीब तीन घंटे तक अधिवक्ताओं ने चौकी का घेराव जारी रखा।

