बैंक मैनेजर व सूदखोरों से तंग युवक ने गंगा में लगाई छलांग
गाजीपुर : जंगीपुर के शास्त्रीनगर वार्ड निवासी आशीष गुप्ता ने गंगा में छलांग लगा दी। मोबाइल का स्टेट्स देख स्वजन गंगा पुल पहुंचे तो वहां खड़ी बाइक के थैले में सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक विशेश्वरगंज के शाखा प्रबंधक और सूदखोरों की प्रताड़ना से आजिज आकर आत्महत्या करने की बात लिखी है।
पुलिस की तलाश में युवक का पता नहीं चला आशीष गुप्ता पहले पालिसी बाजार डाट काम में काम करता था। दीवाली के मौके पर पटाखा बिक्री की। पत्नी के नाम से मार्च 2024 में बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक विशेश्वरगंज शाखा से छह लाख का सीसी कराया। सुसाइड नोट में लिखा था कि बैंक मैनेजर और जंगीपुर तारापुर के कुछ सूदखोर उसे प्रताड़ित कर रहे हैं।
पत्र में लिखा है कि छह जनवरी को बैंक प्रबंधक उसकी दुकान पर पहुंचे और सीसी बंद करने के नाम पर 5.30 लाख रुपये ले गए। बैंक मैनेजर संग डबली कुशवाहा, हिमांशु सिंह शिवमंगल यादव भी थे, जिन्हें उसे धमकी दी। लिखा है कि उसकी मौत के जिम्मेदार उक्त लोग ही है। कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर जांच की जा रही है।
पत्नी आंचल के नाम पर छह लाख का सीसी था। नकद 5.30 लाख का आरोप बेबुनियाद है। लोन का पैसा खाते में जमा करना होता है। सुबह में आशीष का मैसेज मेरे मोबाइल पर आया था। इसके बाद मैंने अपने उच्चाधिकारियों व पुलिस को इसकी सूचना दी। पिछले दो माह से आशीष से मेरी मुलाकात नहीं हुई है। समझ में नहीं आ रहा है कि मेरा नाम क्यों लिखा है?- संदीप कुमार, मैनेजर बडौदा यूपी ग्रामीण बैंक शाखा विशेश्वरगंज।

