फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड 2026: बस्ती के पांच प्रतिभाओं को मिला राज्यस्तरीय सम्मान
लखनऊ। फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड 2026 में बस्ती जिले के पांच लोगों को कृषि और कृषि पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में आयोजित समारोह में कृषि पत्रकारिता के लिए अनुराग कुमार श्रीवास्तव, बागवानी के लिए मंगला प्रसाद मौर्य, फार्मिंग सिस्टम रिसर्च के लिए डॉ. प्रेम शंकर, एग्री टूरिज्म के लिए अरविंद कुमार सिंह तथा औद्यानिक खेती के लिए राम पूरन चौधरी को सम्मान प्रदान किया गया।
दिल्ली प्रेस के फार्म एन फूड मीडिया द्वारा आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही रहे। उन्होंने जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच किसानों को जल संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई, फसल विविधीकरण और आधुनिक तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। समारोह में कृषि वैज्ञानिकों, पत्रकारों, एफपीओ और प्रगतिशील किसानों को भी सम्मानित किया गया। बस्ती के सम्मानित प्रतिभाओं की इस उपलब्धि पर जिले भर में खुशी की लहर है और विभिन्न संगठनों व लोगों ने उन्हें बधाई दी।

