कैलेंडर में छिपा बांट रहे थे 500 के नोट, तीन पकड़े
नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने इलाके में वोटरों को लुभाने के लिए हर हथकंडे अपना रही हैं। शनिवार को नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में ली मेरिडियन होटल के पीछे झुग्गियों में कैलेंडर में लपेटकर 500 रुपये बांटने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जिला निर्वाचन कार्यालय को दी। इसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
संसद मार्ग थाना पुलिस ने जाम नगर के स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट आरिफ जाफरी की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों ने आम आदमी पार्टी की टोपी पहनी हुई थी। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि उन्होंने किसके कहने पर आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए नोट बांटे। तीनों के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है। उधर, इस मामले में भाजपा हमलावर हो गई है और शिकायत देकर चुनाव आयोग से मामले की जांच की मांग की है। वहीं आप की तरफ से मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपितों के नाम गौरव सिंह (प्रीत विहार), शोबन (मुज्जफरनगर, यूपी) व विशाल (कल्याणपुरी) हैं। एफआइआर में बताया गया कि शनिवार शाम करीब साढे आठ बजे तीनों युवक झुग्गियों में प्रचार करने के दौरान कैलेंडर में 500 रुपये का एक-एक नोट लपेटकर लोगों को बांट रहे थे।

