10वीं पास युवक ने साथियों से मिलकर की 50 करोड़ की ठगी
जयपुर। चीन के साइबर ठगों से मिलकर राजस्थान के 10वीं कक्षा पास युवक ने बड़ी ठगी की है। युवक ने सात महीने में 50 करोड़ रुपये को क्रिप्टो करेंसी में बदलकर चीन भेज दिए। पुलिस ने युवक सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ। आरोपितों के मोबाइल फोन से 11 हजार से ज्यादा स्क्रीन शाट मिले हैं। फोन में लेन-देन का भी उल्लेख है।
कोटा के साइबर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने 16 जनवरी को जोधपुर से अक्षय कुमार और उसके साथी राकेश, रामदीन और भोम सिंह को गिरफ्तार किया। कोटा पुलिस को सूचना थी कि चारों आरोपित चीन में बैठे साइबर ठगों से मिलकर भारतीय लोगों से ठगी कर रहे हैं।
शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि ठगी के पैसों को अन्य खातों में ट्रांसफर किया जाता था। इसके बाद क्रिप्टो में बदलकर कमीशन काटकर साइबर ठगों को चीन भेजा जाता था। खाताधारक को 15 से 20 प्रतिशत तक कमीशन दिया जाता था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। अगले कुछ दिनों में और खुलासा होने की उम्मीद है। चारों ठगों को 21 जनवरी को न्यायालय में पेश कर 14 दिन के रिमांड पर लिया गया है।
चीनी भाषा में करते थे चैट
चारों आरोपित चीन के साइबर ठगों से चीनी भाषा में चैट करते थे। वे इसके लिए गुगल ट्रांसलेशन का इस्तेमाल करते थे। अक्षय इंटरनेट मीडिया के जरिए चीन के साइबर ठगों के संपर्क में आया था। फिर मोटी कमाई के चक्कर में 2023 के जून और जुलाई में उसने खुद के बैंक खाते का ठगी के लिए उपयोग किया। फिर तीन अन्य को भी साथ में लिया। चारों आरोपित बैंक खाते किराए पर लेते थे। 2024 में ठगी के एक मामले में पुलिस के पास एक बैंक खाते की जानकारी मिली थी।

