उत्तराखंड में पूर्व विधायक ने की वर्तमान विधायक के घर पर फायरिंग, फेसबुक पर टिप्पणी
रुड़की। देश जहां गणतंत्र दिवस मना रहा था, उत्तराखंड की रुड़की में पूर्व भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने अपने समर्थकों के साथ खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के आवास पर हमला बोल दिया। इस दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया और विधायक के समर्थकों को बेरहमी से पीटा गया। हमलावरों ने मिर्ची पाउडर का भी स्प्रे किया। इस दौरान पूरे शहर में अफरा तफरी का माहौल बना रहा।
हमलावरों के जाने के बाद पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में लिया। सैकड़ों समर्थक विधायक के आवास पर जमे हुए हैं। फोरेंसिक टीम ने विभिन्न स्थानों से गोलियों के निशान और अन्य साक्ष्य एकत्रित किए हैं। विधायक के निजी सहायक की ओर से सिविल लाइन कोतवाली में तहरीर दी गई है। देर शाम चैंपियन को पुलिस ने देहरादून में नेहरू कालोनी से हिरासत में ले लिया है।
गाड़ियों में सवार होकर
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय विधायक उमेश कुमार के आवास पर उनके समर्थक इमरान और प्रेम सिंह चौहान आदि बैठे थे। इसी दौरान कई गाड़ियों में सवार होकर पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और उनके कई समर्थक पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। उमेश कुमार आवास पर नहीं थे। किसी ने उन्हें हमले की सूचना दी तो वह भी रुड़की पहुंचे। सूचना पाकर एसपी देहात और कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है। उमेश कुमार ने कहा कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती और उनके शस्त्र जब्त नहीं होते, तब तक शांति से नहीं बैठेंगे।
फेसबुक पेज पर टिप्पणी के बाद बढ़ा विवाद
रविवार को निकाय चुनाव की मतगणना थी। इसी दिन कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने अपने फेसबुक पेज पर उमेश कुमार के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। इसके बाद उमेश कुमार ने अपने फेसबुक पेज पर और रुड़की व लंढोरा स्थित चैंपियन के आवास पर जाकर उन्हें चुनौती दी थी। माना जा रहा है कि हमला इसी प्रतिक्रिया में किया गया है।

