सूडान में अस्पताल पर हमला, 70 की मौत
दुबई, एपी। सूडान के अल फशर में कार्यरत एक मात्र अस्पताल पर हमले में लगभग 70 लोग मारे गए। विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस के अनुसार हमला सऊदी टीचिंग मैटरनल हास्पिटल पर किया गया है। घेब्रेयसस ने एक्स पर लिखा कि सूडान के अल फशर में अस्पताल पर भयावह हमले में 70 लोगों की मौत हो गई और 19 लोग घायल हो गए।
उन्होंने कहा कि कि हम सूडान में स्वास्थ्य केंद्र पर सभी हमलों को रोकने और क्षतिग्रस्त सुविधा केंद्र की शीघ्र बहाली के लिए पूर्ण पहुंच की अनुमति का आह्वान करते हैं। सूडान के लोगों को शांति की जरूरत है। उन्होंने यह नहीं बताया कि हमला किसने किया। हालांकि, स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि हमले के पीछे विद्रोही रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) का हाथ है। आरएसएफ ने हमले को अभी स्वीकार नहीं किया है। आरएसएफ और सूडान की सेना के बीच अप्रैल 2023 से संघर्ष हो रहा है।
आइएएनएस के अनुसार, सूडान की ट्रांजिशनल सावरेन काउंसिल के अध्यक्ष अब्देल फतह अल-बुरहान ने रविवार को कहा कि रैपिड सपोर्ट फोर्सेज के खिलाफ लड़ाई अपने अंत के करीब है और विद्रोह को खत्म कर दिया जाएगा। सूडानी लोगों से हमारी प्रतिज्ञा है कि हम इन अपराधियों से तब तक लड़ेंगे जब तक हम उन्हें हरा नहीं देते।

