घर में अकेली किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस
बस्ती। जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के हथियवा गांव में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव प्रथम तल के कमरे में लगे पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।
पुलिस के पहुंच के पूर्व ही स्वजन शव को नीचे उतार लिए थे। मृतका की मां के अनुसार उसके पिता राजेंद्र प्रसाद किसी काम से भानपुर गए थे। वह खेत में गई थी।
पंखे में दुपट्टे के सहारे लटकता
घर पर 17 वर्षीय सुनैना अकेली थी। अपराह्न लगभग डेढ़ बजे जब वह घर पहुंची तो बेटी को नीचे न देखकर वह ऊपर गई तो देखा कि उसका शव छत की कुंडी में लगे के पंखे में दुपट्टे के सहारे लटक रहा है। उसके शोर मचाने पर तमाम लोग मौके पर पहुंच गए व शव को नीचे उतार दिया।
फोरेंसिक टीम
मिली सूचना पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका चार भाई व तीन बहनों में सबसे छोटी थी। वह 11वीं की छात्रा थी।
मां ने बताया
इस दौरान मृतका की मां कलावती ने बताया कि सुबह खाना बनाने की बात को लेकर वह नाराज हो गई थी।।
सीओ रुधौली ने बताया
मामले में सीओ रुधौली स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।

