पीएचडी की छात्रा ने सहायक पुलिस आयुक्त पर कराया यौन शोषण का मुकदमा, पद से हटाए गए
कानपुर : पीएचडी की छात्रा ने कलक्टरगंज के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मोहसिन खान पर यौन शोषण का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्हें पद से हटाकर डीजीपी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। जांच के लिए एडीसीपी अर्चना सिंह के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया है।
शुक्रवार को अदालत में छात्रा के बयान दर्ज कराए जाएंगे। इसके बाद गिरफ्तारी व आगे की कार्रवाई होगी। लखनऊ के रहने वाले मोहसिन खान वर्ष 2015 बैच के पीपीएस अधिकारी हैं। वह एसीपी क्राइम का भी पदभार संभाल रहे थे।
जुलाई 2024 में उन्होंने विभागीय अनुमति लेकर शहर के एक शिक्षण संस्थान से साइबर क्राइम, इन्वेस्टिगेशन एंड क्रिमिनोलाजी विषय पर पीएचडी शुरू की थी। मोहसिन के साथ ही शोध कर रही चतुर्थ वर्ष की छात्रा ने बुधवार को आरोप लगाया था कि मोहसिन ने खुद को अविवाहित बताकर नजदीकी बढ़ाई।
इसके बाद शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। मोहसिन के शादीशुदा होने की बात खुली तो उन्होंने छात्रा को बताया कि उनके पत्नी से संबंध अच्छे नहीं हैं और वह उसे तलाक देने जा रहे हैं।


