रास्ते की भूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिए चला बुलडोजर
बस्ती। नगर पंचायत बभनान के शिवाजी नगर में सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण पर शुक्रवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। कुछ दिन पहले इसी भूमि पर अवैध रूप से लोगों द्वारा निर्माण किया जा रहा था।
नगर पंचायत के वार्ड दो शिवाजी नगर में राजस्व गांव पिकौरा के एक गाटा संख्या जो राजस्व अभिलेखों में रास्ता दर्ज है, पर कुछ लोग अवैध रूप से अतिक्रमण कर उस पर टीनशेड का निर्माण कार्य करा रहे थे।
स्थानीय लोगों ने जब इसकी शिकायत प्रशासन से की तो प्रशासन सतर्क हो गया। शुक्रवार को नायब तहसीलदार हरैया कौशलेंद्र सिंह की अगुवाई में हल्का लेखपाल जवाहर विक्रम व पैकोलिया थाने के उपनिरीक्षक राजेंद्र यादव की टीम मौके पर पहुंच गई और अतिक्रमण को बुलडोजर लगवा कर हटवा दिया। इस संबंध में नायब तहसीलदार कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के बाद अतिक्रमण को हटा दिया गया है।


