मां के पास सो रही चार वर्षीय बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म
शाहजहांपुर : चार साल की मासूम मंगलवार रात को मां के आंचल से सटकर लेटी थी। वह खुद को सबसे सुरक्षित स्थान पर महसूस कर रही थी मगर, अचानक एक हैवान आ गया। उस बच्ची को मां की चारपाई से उठाकर ले गया। उससे दुष्कर्म किया और ट्यूबवेल के पास झाड़ियों में फेंक गया। बुधवार सुबह बेहोश मिली बच्ची की जान बचाने के लिए डाक्टर प्रयास कर रहे हैं मगर, शर्मनाक हरकत कई सवाल छोड़ गई। समाज में छिपे ऐसे हैवान कब बेनकाब होंगे...?
बच्ची के स्वजन की तहरीर पर पुलिस ने 55 वर्षीय राजाराम पर दुष्कर्म, पाक्सो, अपहरण की धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत की है। उससे व एक अन्य संदिग्ध से पुलिस पूछताछ कर रही है। देर शाम घटनाक्रम ने मोड़ लिया। नामजद के बजाय एक अन्य युवक का फोटो देखकर बच्ची घबरा गई। शक गहराने पर उस युवक से पूछताछ हुई तो स्वीकारा कि मिठाई खिलाने के बहाने उसे उठा ले गया था।
घटना के बाद मासूम बिटिया इतनी सहम गई कि किसी से बात नहीं कर पा रही। पुलिसकर्मियों के कहने पर परिवार के सदस्यों ने उसे राजाराम का फोटो दिखाया, ताकि वह कुछ बोले। बच्ची ने चंद सेकंड फोटो देखा, फिर आसमान की ओर एकटक देखती रही। उसकी मां ने खाने की कुछ वस्तुएं दीं तो मुंह फेर लिया। वह मासूम कभी घबरा जाती तो कभी सिसकते हुए मां की गोद में सिमट जाती है। पिता ने बताया कि मंगलवार रात वह कमरे में लेटे थे। कुछ दूर दूसरी चारपाई पर पत्नी, बेटा व चार वर्षीय बेटी सो रही थी। गांव में कभी किसी बात का डर नहीं हुआ इसलिए कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। मकान में मुख्य दरवाजा नहीं होने के कारण सिर्फ पर्दा लगा था। तड़के 3.30 बजे पत्नी की आंख खुली तो बेटी चारपाई पर नहीं थी। आसपास काफी तलाश हुई मगर बेटी के बारे में नहीं पता चला। सुबह को आधा किमी दूर ट्यूबवेल के पास बच्ची
बेहोश पड़ी मिली।


