पति की आंख में मिर्च पाउडर फेंककर पीटा
संतकबीर नगरः न्यायालय के बाहर मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना हुई। कोर्ट में अपने मुकदमे की तारीख देने के लिए आए पति की आंख में उसकी पत्नी ने मिर्च पाउडर फेंक दिया। इसके बाद पति की पिटाई कर दी। यह देखकर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने हस्तक्षेप कर पति को बचाया। पुलिस हमला करने वाली पत्नी को लेकर कोतवाली खलीलाबाद पहुंची। वहीं पति का उपचार चल रहा है।
महुली थाना के एक गांव के व्यक्ति व उसकी पत्नी कई वर्ष से अलग रह रहे हैं। वे एक बेटे व एक बेटी के साथ अपने गांव में रहते हैं। वहीं पत्नी अपने मायके में रह रही है। उसने पति से खर्चा पाने के लिए कोर्ट में वाद दाखिल किया है। वर्ष 2016 से इनका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसी मामले में मंगलवार को पति अपने बेटे-बेटी व बहन के साथ मुकदमे की तारीख पर न्यायालय में आए थे।
उसकी पत्नी भी आई थी। कोर्ट में जाने के बाद पति को पता चला की अधिवक्ता हड़ताल पर हैं। इसके बाद वह अपने बच्चों व बहन के साथ न्यायालय से बाहर निकले। इसी दौरान उसकी पत्नी ने उनका कालर पकड़ लिया। उनकी आंख में मिर्च का पाउडर फेंक कर उसे पीटने लगी। वहां पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत किया। पुलिस कर्मी महिला को लेकर कोतवाली खलीलाबाद गयी। प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रामेश्वर यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। तहरीर मिलने पर आगे उचित कार्रवाई की जाएगी।


