महिला ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर लगाई गुहार
बस्ती। जिल के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बनहा गांव निवासी सरस्वती देवी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। बताया कि थाने पर शिकायती पत्र देने के बाद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। महिला न्याय के लिए दर-दर भटक रही है। महिला ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर किए शिकायत में बताया कि उनके खेत के बगल में कुसुम व राम सुमेर का मकान बना है। विपक्षी उनके खेत में घर का सारा कूड़ा-कचरा फेंक रहे हैं। मना करने पर अशब्द कहने व लगातार जानमाल की धमकी दे रहे हैं।
बताया कि बीते शनिवार को दिन में तीन बजे खेत में गेहूं की बोआई के लिए गई तो देखा कि विपक्षी उनके खेत में घर का गंदा पानी गिरा रहे हैं, साथ ही कूड़ा-कचरा फेंक दिया है। मना करने पर विपक्षियों ने अशब्द कहा। इसके बाद राम सुमेर का बेटा संदीप ने उसका बाल पकड़ कर मारने-पीटने व घसीटने लगा, जिससे उसके एक हाथ की उंगली टूट गई।
महिला ने जान बचाने के लिए गुहार लगाई तो आसपास के लोगों ने पहुंचकर मामला शांत कराया। महिला ने बताया कि थाने पर शिकायती पत्र देने के तीन दिन बाद भी पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं किया है। पीड़िता ने विपक्षियों पर कार्रवाई करने की मांग किया। इस संबंध में कप्तानगंज थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक दूबे ने बताया कि मामले छानबीन चल रही है।


