दुकान बंद कर भागने वाले विक्रेता का लाइसेंस निलंबित
संतकबीर नगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर अधिक कीमत पर खाद बेचने व कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला कृषि अधिकारी डा. सर्वेश यादव की टीम ने खलीलाबाद तहसील क्षेत्र में मंगलवार को 11 दुकानों पर छापा डाला। गुणवत्ता पर संदेह होने पर खाद के तीन नमूने लेकर उसे राजकीय प्रयोगशाला में भेजा।
खलीलाबाद तहसील क्षेत्र में साधन सहकारी समिति मीरगंज, इसके पास स्थित शाकिर अली खाद भंडार, भाटपार स्थित सदाबहार ट्रेडर्स, पीसीएफ केंद्र-थुरांडा, पटेल फर्टिलाइजर्स, आजम खाद भंडार, आरपी सिंह खाद भंडार आदि 11 दुकानों पर छापेमारी कर खाद के तीन नमूने लिए गए। छापेमारी की भनक लगने पर दुकान बंद कर भागने वाले खाद विक्रेता शाकिर अली की खाद की दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जांच में पाया गया कि सभी विक्रेता प्वाइंट आफ सेल (पीओएस) से खाद की बिक्री कर रहे हैं।


