फंदे पर लटकाने से हुई थी प्रतियोगी छात्रा की मौत
नैनी, प्रयागराज : गंगोत्री नगर मुहल्ले में एटा निवासी 22 वर्षीय दीपशिखा पुत्री सुरेंद्र कुमार की मौत हैंगिंग से ही हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इसका राजफाश हुआ। फिलहाल उसके स्वजन दारोगा पर ही बेटी की हत्या करने का आरोप लगा रहे, लेकिन अभी तक इस बाबत लिखित में कुछ नहीं दिया है।
नैनी क्षेत्र के गंगोत्री नगर मुहल्ले में किराए का कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एटा निवासी 22 वर्षीय दीपशिखा पुत्री सुरेंद्र कुमार की कमरे के अंदर फंदे में लटकता शव मिला था। पुलिस के साथ पहुंची फारेंसिक टीम ने जांच करते हुए स्वजन को इसकी जानकारी दी थी। देर रात मृतका के पिता नैनी कोतवाली पहुंचे, लेकिन उन्होंने मामले में कोई शिकायत नहीं की। वहीं बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद
परिवार के लोग शव लेकर चले गए। मृतका दीपशिखा को शहर में तैनात एक दारोगा ने कमरा दिलाया था और वह अक्सर यहां आया करता था। मृतका दीपावली पर घर गई थी, वहां से दो दिन पहले ही वह किसी फार्म को भरने की बात स्वजन से कहकर वापस आई थी। देर रात नैनी कोतवाली पहुंचे उसके पिता ने नैनी पुलिस को बताया कि मृतका और दारोगा के बीच काफी दिनों से मेलजोल था। शादी को लेकर दोनों परिवार वालों के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन कुछ दिक्कत आने के कारण विवाह नहीं हो पाया था। इंस्पेक्टर वैभव सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की बात सामने आई है, लेकिन कार्बन कापी होने से स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। स्वजन दारोगा पर आरोप लगा रहे हैं, लेकिन लिखित में नहीं दिया गया है।


