मारपीट में घायल बालक की मौत आरोपितों की गिरफ्तारी को दबिश
देवरिया, तरकुलवाः सिरवनिया में मामूली विवाद में हुई मारपीट में घायल बालक आर्यन की बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। उधर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के सिरवनिया में रामदयाल प्रसाद के 13 वर्षीय बेटे आर्यन व उनके पट्टीदार के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर रविवार को विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट हो गई, जिसमें आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज ले जाया गया, जहां से सोमवार की देर शाम हालत गंभीर देख चिकित्सक ने बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस इस मामले में रामदयाल के परिवार की रीता देवी की तहरीर पर पहले ही संगीता देवी, राधेश्याम, कलमी देवी, राज, रणविजय, प्रतीम, धन्नू के विरुद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज कर चुकी है। थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि पहले ही मुकदमा दर्ज हो चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद धारा तब्दील कर दी जाएगी।
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। आर्यन के पिता मजदूरी करते हैं। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। साथ ही कक्षा सात का छात्र था। मौत की खबर घर पहुंची मां कुसमावती देवी दहाड़ मार रोने लगी। पिता का भी यही हाल था।


