एचआइवी संक्रमित युवक से करा दी शादी दर्ज हुआ मुकदमा
देवरिया। एचआइवी संक्रमित (एचआइवी पाजिटिव) युवक की बीमारी छिपाकर एक युवती की शादी करा दी गई। गर्भवती होने के बाद जब युवती ने जांच कराया तो इसकी पुष्टि हुई। मामले में युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने पति, जेठ समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के विरुद्ध महिला थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
भलुअनी एक गांव की रहने वाली युवती की शादी सलेमपुर क्षेत्र में दिसंबर 2023 में हुई। युवती की मां का आरोप है कि बेटी का पति पहले से एचआइवी पाजिटिव रहा है। इसे छिपाकर मेरी बेटी की शादी करा दी गई। जब वह ससुराल गई तो पति बीमार रहने लगा। ससुरालियों ने दो लाख रुपये उपचार कराने के लिए मांगा और हम लोगों ने दिया, लेकिन एक बार भी यह नहीं बताए कि पति को हुआ क्या है। जब बेटी गर्भवती हुई और उसकी जांच कराई गई तो पता चला कि बेटी भी अब एचआइवी संक्रमित हो गई है।


