जांच में रिश्वत लेने की पुष्टि होने पर लेखपाल निलंबित
बस्ती। जिले के हरैया तहसील क्षेत्र के केशवपुर ग्राम पंचायत के लेखपाल रामानंद गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। निपनिया गांव निवासी राजमणि ने 10 हजार रुपये रिश्वत लेने की वीडियो क्लिप के साथ लेखपाल की शिकायत की थी। आरोप की पुष्टि होने पर शनिवार को एसडीएम विनोद कुमार पांडेय ने लेखपाल को निलंबित कर राजस्व निरीक्षक भदावल के कार्यालय से संबद्ध किया गया है। इसकी जांच नायब तहसीलदार सदर कमलेन्द्र को सौंपी गई है।
बता दें कि लेखपाल रामानंद की केशवपुर में प्रभारी लेखपाल के रूप में तैनात थी। इनकी मूल तैनाती गोभिया में थी। वहां इन पर आए दिन रिश्वतखोरी के आरोप लगते रहे हैं। धन लेकर सरकारी भूमि पर कब्जा कराने व पैमाइश में हेरफेर का आरोप भी लगते रहे हैं।
एक पखवारा पूर्व वहां से इनका चार्ज हटा दिया गया था। राजमणि की प्रमाण के साथ की गई शिकायत की जांच भी चल रही थी। प्रथमदृष्टया आरोप की पुष्टि होने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। एसडीएम विनोद पांडेय ने बताया की लेखपाल पर आरोप लगाए गए हैं। वीडियो में यह किसी व्यक्ति से रुपये लेकर जेब में रखते दिख रहे हैं।


