भविष्य की खेती का आधार बनेगा इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर
लखनऊ : कृषि क्षेत्र के विशेषज्ञों ने प्रदूषण से निपटने और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर अपनाने की सलाह दी है। रविवार को कृषि भारत वैश्विक सम्मेलन के तीसरे दिन 'उत्तर प्रदेश को एक वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करना' विषय पर आयोजित सत्र में नई तकनीक को अपनाने के क्रम में इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर के महत्व को साझा किया गया। 'एक्सेलेरेटिंग इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर एडाप्शन' विषय पर चर्चा के दौरान वक्ताओं ने प्रदूषण से निपटने और कृषि में स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक ट्रैक्टरों को अपनाने पर जोर दिया।
कृषि निदेशक जितेंद्र कुमार तोमर ने कहा कि निर्माता कंपनियां पर्यावरण के अनुकूल कृषि उपकरणों को लेकर किसानों के बीच जागरूकता बढ़ाएं। उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए लाइव प्रदर्शनों के साथ ही इंटरनेट मीडिया का लाभ भी लिया जाए। इन्वेस्ट यूपी ईवी पालिसी के एजीएम अमित कुमार मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा लाई गई प्रोत्साहन नीतियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएम कुसुम योजना जैसी केंद्रीय पहल ने ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा दिया है, जिससे खेती में इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग का मार्ग भी खुला है।


