लंगूर की मृत्यु के बाद ग्रामीणों ने किया भंडारा
बस्ती। दुबौलिया विकास खंड के खजांचीपुर गांव में 29 अक्टूबर को एक लंगूर की मृत्यु हो गई थी, ग्रामीणों ने हिंदू रीति के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया था। उसके 16वें दिन ग्रामीणों ने भंडारे का आयोजन किया। लंगूर की मृत्यु के बाद खजांचीपुर गांव के ग्रामीणों ने मृत लंगूर का सरयू नदी के तट पर अंतिम संस्कार किया था।
इसके 16 दिन बाद बुधवार की शाम ग्रामीणों ने यथाशक्ति चंदा एकत्र कर मृत लंगूर के आत्मा की शांति के लिए भंडारे का भी आयोजन किया। इस भंडारे में सबसे खास रहा कि गांव के हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग सौहार्दपूर्वक भंडारे में शामिल हुए। इस मौके पर आशीष राजभर, कन्हैया यादव, सुरेंद्र, राजेंद्र, अजय गौतम, बहादुर यादव, रामबहाल, महबूब अली, हौशिल खान, रमेश राजभर, दिनेश राजभर आदि शामिल रहे।


