युवक को नदी में डुबोकर मारने के आरोप में हत्या का केस दर्ज
बस्ती। जिले के कलवारी पुलिस ने युवक की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर युवक की पत्नी समेत तीन लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि युवक को नदी में डुबो कर मारा गया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के मृत्यु का कारण पानी में डूबने से बताया गया है।
वाल्टरगंज थाने के पुरैना गांव निवासी मुबारक अली ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 18 अगस्त 2024 को उसके 23 वर्षीय बेटे परवेज अहमद का शव मनोरमा नदी में भौवापार गांव के पास बरामद हुआ था। पूछताछ में पता चला कि घटना के दो दिन पहले परवेज आलम अपनी पत्नी सफीकुन्निशा के साथ कलवारी थाना क्षेत्र में स्थित महुआ डाबर गांव के मजार पर गया था। इसके एक दिन बाद वह कलवारी थाना क्षेत्र के कुसौरा बाजार निवासी बिस्मिल्लाह कुरैशी व गुड्डू के साथ मनोरमा नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह नदी में डूब गया था। पिता मुबारक अली ने आरोप लगाया कि साजिश के तहत उनके बेटे की हत्या की गई है।
उसे पानी में डुबोकर मारा गया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर बिस्मिल्लाह कुरैशी, गुड्डू निवासी कुसौरा बाजार थाना कलवारी व मृतक की पत्नी सफीकुन्निशा निवासी विशेषरगंज थाना दुबौलिया के विरुद्ध हत्या व साजिश की धारा में केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि परवेज का शव नदी में मिला था। पीएम में मृत्यु का कारण पानी में डूबना आया था। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।


