स्कूल से लौट रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत
बस्ती। जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के रुधौली गांव के निकट कार की चपेट में आ जाने से नौ वर्षीय छात्र विराट पुत्र राजू गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन जिला अस्पताल ले गए, वहां उपचार के दौरान विराट ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार गुरुवार को दोपहर विराट स्कूल से पढ़कर वापस अपने घर रुधौली जा रहा था।
घटना के उपरांत मामले की तहकीकात कर रहे एसआइ राकेश पासवान ने बताया कि घटनास्थल पर मिले फुटेज के आधार पर कार को चिह्नित कर लिया गया है। गाड़ी के मालिक की तलाश की जा रही है। मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


